Top NewsUttar Pradesh

सीएम योगी का बड़ा एलान- कम बारिश के कारण फसल को हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार

लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम सूखे की स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने किसानों को बड़ी राहत का ऐलान करते हुए कहा है कि कम बारिश के कारण फसल को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्यूबवेल की तकनीकी खराबी को हर हाल में 24 से 36 घण्टे के भीतर ठीक किया जाए। बकाये के कारण किसानों के ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाएं। उधर, मौसम विभाग ने कहा है कि मॉनसून की विदाई में अभी डेढ़ महीने का वक्‍त बचा है। सितम्‍बर के अंत में अच्‍छी बारिश होने की उम्‍मीद बनी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र को पूरी बिजली मिलेगी और अन्नदााताओं के ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं कटेंगे। ट्यूबवेल की तकनीकी खराबी को हर हाल में 24 से 36 घण्टे के भीतर ठीक किया जाए। प्रदेश में वर्षा की स्थिति, फसल बोआई की सही स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट अगले तीन दिन के भीतर केन्द्र सरकार को भेजी जाए। अगस्त के अंतिम सप्ताह तक सभी जिलों एवं कृषि विभाग से फसल की स्थिति, पेयजल की स्थिति एवं पशुओं के लिए चारा की उपलब्धता के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त की जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों को अतिरिक्त सहायता दिया जाना आवश्यक है। कम बारिश के कारण कई क्षेत्रों में धान की पैदावार पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। वर्तमान परिस्थितियों के बीच सब्जी की खेती को प्रोत्साहित करना बेहतर विकल्प हो सकता है। गत वर्ष इसी तिथि तक 98.9 लाख हेक्टेयर भूमि पर बोआई हो चुकी थी। बोआई लक्ष्य के अनुरूप है, लेकिन कम वर्षा के कारण प्रदेश में फसलों को नुकसान होने की संभावना बनी हुई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH