मुंबई। जोमैटो के विज्ञापन को महाकाल से जोड़ने पर विवाद हो गया है। कंपनी का यह विज्ञापन एक्टर ऋतिक रोशन ने किया है। इसमें वे कह रहे हैं- थाली का मन किया। उज्जैन में हैं, तो महाकाल से मंगा लिया। महाकाल मंदिर के पुजारियों ने इस पर कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है की महाकाल मंदिर किसी थाली की डिलीवरी नहीं करता है। जोमैटो और ऋतिक रोशन इस विज्ञापन पर माफी मांगें।
उज्जैन में भगवान शिव का महाकालेश्वर (महाकाल) मंदिर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और यहां देश भर से भक्त दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर के पुजारी महेश और आशीष ने कहा कि जोमैटो को तुरंत यह विज्ञापन वापस लेना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यहां भक्तों को एक थाली में ‘प्रसाद’ परोसा जाता है और यह विज्ञापन हिंदुओं की भावनाओं को आहत करता है।
पुजारियों ने कहा कि उन्होंने उज्जैन के जिलाधिकारी आशीष सिंह से भी संपर्क किया और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है ताकि कोई भी फिर से हिंदू धर्म का मजाक न उड़ाए। जिलाधिकारी, महाकाल मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने विज्ञापन को भ्रामक करार देते हुए कहा कि मंदिर ‘प्रसाद’ के रूप में मुफ्त भोजन थाली प्रदान करता है और इसे बेचा नहीं जाता है।




