लॉस एंजेलेस। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘द क्राउन’ के छठे सीज़न की शूटिंग को रोक दिया गया है। वेब सीरीज़ रॉयल फैमिली पर आधारित है। वेब सीरीज़ का पांचवां सीज़न इस ऑटम में रिलीज होने वाला है। इस सीरीज़ के कुल 4 सीजन हैं। साल 2016 में ‘द क्राउन’ का पहला सीज़न आया था।
दरअसल इस गुरुवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन हो गया था। 70 साल तक शासन करने के बाद स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की मृत्यु हो गई। वह 96 वर्ष की थीं। जिसके बाद ‘द क्राउन’ के मेकर पीटर मॉर्गन ने एक इंटरव्यू में कहा कि, ‘द क्राउन महारानी को हमारा लव लेटर है। मुझे फिलहाल इस बारे में कुछ भी नहीं कहना है। केवल उनके लिए मौन और इज्जत है। हम उनकी याद में सीरीज की शूटिंग भी रोक रहे हैं।’
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शूटिंग के लिए स्पेन के बार्सीलोना में सेट भी लगाया जा चुका था। रानी एलिजाबेथ II के निधन की खबर आते ही शो की शूटिंग को करीब हफ्तेभर के लिए रोक दिया गया है।
शो के पहले सीज़न में क्लेयर फॉय ने महारानी एलिजाबेथ II की भूमिका निभाई थी। दो सीजन के बाद ओलिविया कोलमैन ने शो के तीसरे और चौथे सीज़न के लिए फ़ॉय की जगह ली, जिसमें टोबियास मेन्ज़ीस ने प्रिंस फिलिप और हेलेना बोनहम कार्टर की राजकुमारी मार्गरेट की भूमिका निभाई। शो के पांचवें सीजन में इमेल्डा स्टॉन्टन को क्वीन एलिजाबेथ के रूप में दिखाया जाएगा। इस साल नवंबर में इसके नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होने की उम्मीद है।




