International

इमरान खान ने फिर की भारत की तारीफ, कहा- भारत ने रूस से सस्ते में तेल खरीदा लेकिन हम ऐसा न कर सके

नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर भारत की विदेश नीति की तारीफ़ की है। इमरान ने कहा कि भारत अपनी सफल विदेश नीति की बदौलत रूस से सस्ता तेल खरीदने में सफल रहा लेकिन हम ऐसा न कर सके। इमरान खान ने कहा कि ‘पाकिस्तान भारत की तरह सस्ता रूसी कच्चा तेल प्राप्त करना चाहता था, लेकिन वह ऐसा करने में सक्षम नहीं हो पाए क्योंकि उनकी सरकार गिर गई। एक वीडियो जारी करके इमरान खान ने अपनी बात रखी।

रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान ने वीडियो संदेश में राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘हम भारत की तरह ही सस्ता रूसी कच्चा तेल प्राप्त करना चाहते थे, लेकिन दुर्भाग्य से अविश्वास प्रस्ताव के कारण मेरी सरकार गिर गई।‘ दरअसल , पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान 23 सालों में रूस जाने वाले पहले पीएम थे। लेकिन यूक्रेन से जंग के बीच रूस का दौरा करने के बावजूद वे पुतिन से कच्चे तेल की डील नहीं कर सके। इस दौरे के कारण उलटे उनकी किरकिरी हुई। अमेरिका ने विरोध जताया और इमरान खान ने अपनी सरकार के गिरने में अमेरिका का ही हाथ बताया।

बता दें कि पाकिस्तान इन दिनों बुरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। यहां खाने का आटा नहीं, रसोई गैस की किल्लत, बिजली संकट आम जनजीवन को परेशान कर रहा है। वहीं देश का खजाना खाली हो चुका है। ऐसे में पाकिस्तान चाहता था कि भारत की ही तरह बड़ी मात्रा में वह रूस से तेल खरीद ले, लेकिन अमेरिकी दबाव और खुद उसकी माली हालत खराब होने के चलते ऐसा संभव न हो सका।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH