पटना। जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व नेता और कभी मुख्यमंत्री नीतीश के करीबी रहे अजय आलोक शुक्रवार को बीजेपी में शामिल हो गए। अजय आलोक ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। इससे पहले अजय आलोक जनता दल यूनाइटेड में काफी लंबे समय तक प्रवक्ता के रूप में काम कर चुके हैं। पिछले साल जून में जेडीयू ने पार्टी से बाहर जाकर बयानबाजी करने पर अजय को बाहर का रास्ता दिखाया था। जदयू से निकाले जाने के बाद अजय आलोक के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। वे लगातार सार्वजनिक मंच पर भाजपा के पक्ष में बोलते नजर आए।
उन्होंने शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी थी। अजय ने ट्वीट कर खरगे को घेरा था। उन्होंने कहा कि ‘मोदी का मतलब ज़हरीला सांप की तरह हैं! मतलब सारे मोदी ज़हरीला सांप? खरगे जी आप तो राहुल जी के चचा निकले। कहावत उल्टा करना होगा-छोटे मियां छोटे मियां बड़े मियां सुबहान अल्लाह।’
अजय आलोक के निजी जीवन की बात करें तो वे डॉक्टर हैं। उनके पिता गोपाल सिन्हा भी प्रसिद्ध डॉक्टर हैं। वे बसपा से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा, वे टीवी डिबेट का चर्चित चेहरा हैं।




