लाहौर। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और बुशरा बीबी को बड़ी राहत मिली है। पूर्व पीएम को 8 मामलों में 8 जून तक जमानत मिली है। अल कादिर ट्रस्ट केस में इमरान की पत्नी बुशरा बीबी को भी बेल मिली। उन्हें 31 मई तक अंतरिम जमानत दी गई है। इमरान बुशरा बीबी के साथ रावलपिंडी में नेशनल एकाउंटिबिलिटी ब्यूरो (NAB) की कोर्ट में पेश हुए थे। इमरान की की ये पेशी अल कादिर ट्रस्ट केस में हुई, जिसमें पहले भी इमरान को गिरफ्तार किया गया था और उसके बाद काफी बवाल मचा है। बाद में सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद इमरान खान को जमानत तो मिल गई लेकिन NAB ने उन्हें दोबारा समन भेजा था। इमरान ने पेशी से पहले अपनी गिरफ्तारी का आशंका जताई थी लेकिन अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की थी।
इमरान खान पेशी के लिए आज सुबह लाहौर से रवाना हुए इस दौरान नजारा पूरी तरह बदला हुआ था। पिछली बार इमरान के साथ उनके समर्थकों का हुजूम भी रवाना हुआ था लेकिन 9 मई को हुई हिंसा के बाद इमरान के हजारों समर्थक या तो गिरफ्तार हैं या गिरफ्तारी से बचने के लिए बचने के लिए भूमिगत हो चुके हैं इसलिए आज उनके साथ समर्थकों का काफिला नजर नहीं आ रहा था।
बता दें कि इमरान खान पर पाकिस्तान की सरकार और सेना लगातार हमलावर है। कभी जमान पार्क में भारी सुरक्षा बलों को भेजना, कभी आर्मी कोर्ट में मुकदमा चलाए जाने की कवायद में जुटना, कभी जमान पार्क हाउस के लिए लग्जरी टैक्स लगाने की बात, इमरान खान कई ओर से घिरने लगे हैं। वहीं उनकी पार्टी के नेता भी उनका साथ छोड़ने लगे हैं। जबकि पार्टी को तोड़ने व छिन्न भिन्न करने के लिए पाकिस्तान की शहबाज सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। इसी बीच इमरान खान ने सोमवार को एक बड़ा बयान दिया है। इमरान खान ने कहा है कि मंगलवार को जब वह विभिन्न मामलों में जमानत लेने के लिए इस्लामाबाद में होंगे तो उनकी गिरफ्तारी की 80 प्रतिशत संभावना है।




