नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन आज गुरुवार को तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिर गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैन फिलहाल दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती हैं। उन्हें यहां से लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।
मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन को आज गुरुवार को एक बार फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेल प्रशासन के अनुसार जैन जेल अस्पताल के बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे।
सामान्य कमजोरी की शिकायत पर उन्हें जेल के अस्पताल में निगरानी के लिए रखा गया था। बाथरूम में गिरने के बाद उनके पीठ, कंधा और बाएं पैर में चोट लगी है। इसके बाद उन्हें दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
एक हफ्ते में दूसरी बार हॉस्पिटल पहुंचे जैन
जेल प्रवक्ता अरविंद कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में कोई गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि उनकी रीढ़ की हड्डी में परेशानी है।
उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी इसी परेशानी के चलते सफदरजंग अस्पताल में उनकी जांच कराई गई थी। इससे पहले भी वे जेल के बाथरूम में गिर गए थे और उन्हें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी।
35 किलो कम हुआ सत्येंद्र जैन का वजन
पिछले हफ्ते सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन के वकील ने कोर्ट में कहा था कि जेल में सत्येंद्र जैन का वजन करीब 35 किलो कम हो गया है। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। इससे पहले गुरुवार 18 मई को सुप्रीम कोर्ट ने सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जवाब मांगा था।




