InternationalTop News

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी के सामने रखा शांति समझौता, मांगा समर्थन

नई दिल्ली/कीव। पिछले 15 महीने से रूस के साथ चल रही लड़ाई को खत्म करने के लिए यूक्रेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। हिरोशिमा में जी-7 समिट से इतर यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लॉदिमीर जेलेंस्की ने पीएम मोदी के सामने एक शांति समझौता रखा और उस पर भारत का समर्थन मांगा।

यूक्रेन का मानना है कि भारत का सपोर्ट मिलने से दुनियाभर के देशों में इस प्रस्ताव की मान्यता बढ़ जाएगी। जेलेंस्की 21 मई को जापान में पीएम मोदी से मिले थे। रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने बताया कि जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी को काफी सम्मान दिया और अपने पीस प्रपोजल के लिए सपोर्ट मांगते समय कोई डिमांड नहीं रखी।

आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि यूक्रेन का नेतृत्व मानता है कि कई देश दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की ओर देख रहे हैं। फिलहाल मोदी सरकार इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है। तीन देशों (आस्ट्रेलिया, जापान व पाप़ुआ न्यू गिनी) की यात्रा कर प्रधानमंत्री आज सुबह स्वदेश लौट आए। हिंद-प्रशांत फोरम समिट में द्वीपीय देशों के साथ भारत की दोस्ती और गहरी हुई है और ऑस्ट्रेलिया के पीएम के साथ मोदी की जबर्दस्त केमिस्ट्री देखी गई।

अधिकारियों ने बताया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत जी-7 के कई नेताओं ने पीएम मोदी से पूछा कि उनके भारतीय राजनीति में लंबी पारी खेलने के पीछे का सीक्रेट क्या है? पापुआ न्यू गिनी के पीएम ने एयरपोर्ट पर कैसे पैर छूकर मोदी का स्वागत किया, इस दृश्य को पूरी दुनिया ने देखा। आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पालम में मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH