Top NewsUttar Pradesh

सीएम ने बांके बिहारी मंदिर में किया दर्शन-पूजन, क्राउड और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी ने मथुरा में बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता के कल्याण की कामना की। इसके अलावा मथुरा में धार्मिक पर्यटन में हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी के चलते शहर में बढ़ी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने मथुरा में बांके बिहारी मंदिर में भीड़ प्रबंधन एवं ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिये। बता दें कि बीते साल 6 करोड़ से ज्यादा लोग बृज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के लिए आए हैं। भीड़ बढ़ने के कारण बांके बिहारी मंदिर के आसपास दर्जनों गलियों में अव्यवस्था की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता देने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर भी सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

हरियाणा के हथिनी बैराज और ओखला बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा जिले में यमुना उफान पर हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ के हालत के मद्देनजर राहत एवं बचाव से संबंधित सभी आवश्यक उपाय करने के लिए निर्देशित किया। यमुना में बाढ़ के कारण हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। सीएम ने अधिकारियों को जल्द से जल्द नुकसान का आंकलन करते हुए प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद के लिए निर्देशित किया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH