NationalTop News

भरत तिवारी एनकाउंटर पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, बोले- पुलिस से हुई थी चूक

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस की कार्रवाई में हुई चूक को स्वीकार किया है। शुक्रवार को एक निजी चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के शुरुआती आकलन में पुलिस की गलती सामने आने के बाद सरकार ने न्यायिक जांच के लिए आयोग का गठन किया था। जांच की प्रारंभिक अनुशंसाओं के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मामले में मृतक के परिवार को सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की गई है।

48 घंटे के भीतर गठित हुई थी जांच कमेटी

सम्राट चौधरी के मुताबिक, घटना के 48 घंटे के अंदर न्यायिक जांच कमेटी का गठन कर दिया गया था। कमेटी की रिपोर्ट में पुलिस की ओर से हुई चूक का उल्लेख किया गया, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए कानून का राज सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुशासन का आधार भी यही है।

अपराधी के लिए जाति-धर्म नहीं बनेगा ढाल

कानून व्यवस्था के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति, वर्ग या धर्म से जुड़ा हो, उसे कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। सरकार का प्रयास है कि आपराधिक मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और पुलिस को अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश हैं।

भरत तिवारी की मौत के बाद उठे थे सवाल

भरत तिवारी की मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठे थे। इसके बाद बिहार सरकार ने मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने का फैसला किया था। जांच की जिम्मेदारी हाईकोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली कमेटी को दी गई थी।

नीतीश कुमार की सलाह को बताया अहम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए सरकार के कामकाज पर भी बात की। उन्होंने कहा कि राज्य में गठबंधन के सभी दलों के समन्वय से सरकार चल रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सलाह को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बिजली, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

2030 तक युवाओं के लिए नए अवसर का दावा

बिहार के विकास को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2030 तक ऐसा राज्य तैयार करना है, जहां युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।

बांकीपुर उपचुनाव पर बोले- फैसला गलत हो सकता है

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संभव है कि पार्टी से कोई निर्णय लेने में गलती हुई हो। हालांकि, उन्होंने इस चुनाव परिणाम को राज्य सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह मानने से इनकार किया। प्रशांत किशोर को लेकर पूछे गए सवाल पर भी सम्राट चौधरी ने किसी व्यक्तिगत टकराव से इनकार किया।

‘एक सीट कम होने से कोई फर्क नहीं’

सम्राट चौधरी ने 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि गठबंधन ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि एक सीट कम होने से सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ता। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा जाति आधारित राजनीति में विश्वास नहीं करती।

बाढ़ को लेकर सरकार के प्रबंधन का जिक्र

मुख्यमंत्री ने बिहार में आई भीषण बाढ़ का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी प्रबंधन किया, जिससे नुकसान को कम करने में मदद मिली। सम्राट चौधरी ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता कानून का राज कायम करना, जनता को बेहतर प्रशासन देना और बिहार में विकास के नए अवसर तैयार करना है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH