अहमदाबाद। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया निर्धारित 50 ओवरों में 240 रन ही बना पाई है। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन केएल राहुल ने बनाए। उन्होंने 66 रनों की पारी खेली। वहीं विराट कोहली ने 54 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 31 गेंदों पर 47 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज कोई ख़ास पारी नहीं खेल सका।
इसके पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बता दें कि भारतीय टीम लगातार दस मैच जीतकर फाइनल मैच में उतरी है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने लगातार आठ मैच जीते हैं। भारत ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को पराजित किया था। भारत की निगाहें तीसरी बार वर्ल्ड चैम्पियन बनने पर है। टीम इंडिया 1983 और 2011 में वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है. वहीं कंगारू टीम वनडे वर्ल्ड कप में 5 बार खिताब जीती है।
इससे पहले भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच खिताबी मुकाबले से पहले पीएम मोदी ने एक ट्वीट कर टीम इंडिया का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने लिखा, “टीम इंडिया को शुभकामनाएं!140 करोड़ भारतीय आपके लिए चीयर कर रहे हैं। आप उज्ज्वल चमकें, अच्छा खेलें और खेल भावना को बरकरार रखें।




