Top NewsUttar Pradesh

फायर अफसरों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला, कोई जनहानि नहीं

महाकुम्भ नगर। महाकुम्भ 2025 में सोमवार को श्री कपि मानस मंडल और उपभोक्ता संरक्षण समिति के शिविरों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। फायर सर्विस यूनिट की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि महाकुम्भ 2025 के दौरान सुरक्षा और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसकी मदद से आग की घटनाओं पर तत्काल प्रतिक्रिया और नियंत्रण संभव हो रहा है।

श्री कपि मानस मंडल शिविर में आग, फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई

महाकुम्भ के नोडल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह श्री कपि मानस मंडल शिविर के दो टेंट में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन यूनिट ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

सेक्टर 8 में उपभोक्ता संरक्षण समिति शिविर में भी आग पर पाया गया काबू
उन्होंने बताया कि श्री कपि मानस मंडल की आग बुझाने के दौरान फायर यूनिट ने देखा कि सेक्टर 8 में धुआं उठ रहा है। तुरंत मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि उपभोक्ता संरक्षण समिति शिविर में भी आग लगी थी। फायर टीम ने पंपिंग वाहनों से पानी छिड़काव कर आग को पूरी तरह बुझा दिया।

फायर अफसरों की मौजूदगी और त्वरित राहत कार्य
उन्होंने बताया कि आग लगने की दोनों घटनाओं पर फायर स्टेशन कोटेश्वर महादेव के प्रभारी एफएस भारद्वाज अपनी यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का नेतृत्व किया। उनकी त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई। इन दोनों घटनाओं में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर सर्विस की तत्परता के कारण आग पर तुरंत काबू पाया जा सका।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH