EntertainmentTop News

सुकेश चंद्रशेखर केस में नोरा फतेही को कोर्ट से फिर समन, पेशी से छूट मांगने पर अदालत ने जताई नाराजगी

बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही से जुड़े सुकेश चंद्रशेखर जबरन वसूली मामले में दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई टल गई है। सोमवार को नोरा फतेही अदालत में पेश नहीं हुईं। उनकी गैरमौजूदगी पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की और उन्हें दोबारा समन जारी करते हुए 6 नवंबर को गवाही के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 6 नवंबर को होगी।

नोरा के वकील ने मांगी पेशी से छूट

दरअसल, इस मामले में नोरा फतेही को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर अदालत में अपना बयान दर्ज कराना था। हालांकि, सोमवार को उनकी ओर से पेश वकील ने कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि न्यायिक प्रक्रिया को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कोर्ट ने नोरा फतेही को अगली तारीख पर अनिवार्य रूप से पेश होने का निर्देश दिया है।

दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में क्या बताया?

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि नोरा फतेही को पेशी के संबंध में पहले ही सूचना दी जा चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को उन्हें नोटिस भेजा गया था। इसके अलावा ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए भी संपर्क करने की कोशिश की गई। पुलिस ने फोन कॉल किए जाने की जानकारी भी अदालत को दी। हालांकि, पुलिस का कहना था कि इन तमाम प्रयासों के बावजूद नोरा फतेही की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि अभिनेत्री सोमवार को अदालत में पहुंचेंगी या नहीं।

तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में बनाया गया है सरकारी गवाह

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े जबरन वसूली मामले में नोरा फतेही को तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में सरकारी गवाह बनाया गया है। इसी सिलसिले में अभियोजन पक्ष की ओर से उनकी गवाही दर्ज कराई जानी है। इससे पहले हुई सुनवाई में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा फतेही को अगली तारीख पर अदालत में उपस्थित रहने का आदेश दिया था। लेकिन सोमवार को उनके पेश नहीं होने के बाद अदालत ने एक बार फिर समन जारी किया है। अब सभी की नजरें 6 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH