NationalTop News

14 सितंबर से दोबारा शुरू होगी माता वैष्णो देवी की यात्रा, श्राइन बोर्ड ने दी जानकारी

नई दिल्ली। श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा 14 सितंबर (रविवार) से दोबारा शुरू होने जा रही है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जानकारी दी कि यात्रा केवल मौसम की स्थिति अनुकूल रहने पर ही बहाल होगी।

फिलहाल यात्रा लगातार 18 दिनों से स्थगित है। 26 अगस्त को रियासी जिले के कटरा स्थित त्रिकुटा पहाड़ियों में अधकुंवारी क्षेत्र में बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ था। इस दौरान भूस्खलन की चपेट में आकर 34 श्रद्धालुओं की जान गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद यात्रा तत्काल प्रभाव से रोक दी गई थी।

हालांकि यात्रा स्थगित रही, लेकिन गुफा मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और अनुष्ठान चलते रहे। कटरा बेस कैंप जहां श्रद्धालुओं की चहल-पहल से गुलजार रहता था, इन दिनों पूरी तरह सूना पड़ा है। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु मुख्य प्रवेश द्वार ‘दर्शनी ड्योढ़ी’ तक पहुंचकर पूजा करते रहे। भूस्खलन के बाद मंदिर मार्ग की अधिकांश मरम्मत का काम अब पूरा कर लिया गया है।

बाढ़ और भूस्खलन का असर

पिछले कुछ हफ्तों से जम्मू-कश्मीर भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहा है। कई घर क्षतिग्रस्त हुए और सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए। हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। 10 सितंबर को जम्मू संभाग में स्कूल पंद्रह दिन बाद दोबारा खुले।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी नौ दिन बंद रहने के बाद खोला गया है। यह 270 किलोमीटर लंबा मार्ग कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र ऑल-वेदर सड़क है। भारी बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में करीब 12,000 किलोमीटर सड़कों को नुकसान पहुंचा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH