मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को ऑडियो मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस मामले में कर्नाटक के बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर दोनों अभिनेताओं के अलावा बॉलीवुड की कई अन्य चर्चित हस्तियों को भी धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजने का आरोप है.
बेंगलुरु में काम करता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार वैभव मिश्रा की उम्र करीब 30 साल है और वह पेशे से आईटी प्रोफेशनल है. वह बेंगलुरु में रहकर काम कर रहा था. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने कथित तौर पर सिर्फ तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री की कई अन्य जानी-मानी हस्तियों को भी ऑडियो मैसेज भेजकर डराने की कोशिश की थी.
तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और जांच के दौरान मिले सुरागों की मदद से आरोपी की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने बेंगलुरु में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जा रहा है, जहां उससे आगे पूछताछ की जाएगी.
धमकी देने के पीछे क्या था मकसद?
मुंबई पुलिस अब इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है. जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आरोपी ने फिल्मी सितारों को धमकी क्यों दी थी और इसके पीछे उसका असल मकसद क्या था. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने यह सब अकेले किया या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी उसके साथ शामिल था. फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर धमकी भरे संदेशों के स्रोत, उनके पीछे की वजह और अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.




