Regional

खराब मौसम के चलते तीन दिन के लिए स्थगित हुई माता वैष्णो देवी यात्रा, 8 अक्टूबर से फिर होगी शुरू

कटरा। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। खराब मौसम की चेतावनी के मद्देनज़र माता वैष्णो देवी यात्रा को तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। श्राइन बोर्ड के अनुसार, 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक यात्रा बंद रहेगी, जबकि 8 अक्टूबर से इसे फिर से शुरू किया जाएगा।

श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी खराब मौसम संबंधी सलाह को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी आधिकारिक चैनलों के माध्यम से ही प्राप्त करें।

गौरतलब है कि इससे पहले 26 अगस्त को जम्मू संभाग में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर बड़ी त्रासदी हुई थी। इस हादसे में 35 से अधिक तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके बाद यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया था।

भूस्खलन के बाद प्रशासन ने कटरा क्षेत्र के होटलों और धर्मशालाओं को खाली कराने का आदेश भी जारी किया था। इस घटना को लेकर माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की काफी आलोचना हुई थी। यहां तक कि जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी यात्रा प्रबंधन में लापरवाही के लिए एसएमवीडीएसबी के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीन दिन बाद इस भूस्खलन हादसे की उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए थे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH