जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी चारों युवक-युवतियां 12वीं कक्षा के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, खराब होने की वजह से ट्रक सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए।
गैस कटर से काटनी पड़ी कार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को सामान्य तरीके से बाहर निकालना संभव नहीं था। इसके बाद गैस कटर की मदद से कार के हिस्से को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
चारों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल, तृषा सिंह और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। सभी के 12वीं कक्षा के छात्र होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े ट्रक को हादसे की अहम वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
CM हेमंत सोरेन ने जताया शोक
हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए बेहद कठिन होता है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।




