National

बिहार चुनाव रिजल्ट्स : अमित मालवीय का राहुल गांधी पर तंज, ‘एक और चुनाव, एक और हार’

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार एनडीए ने बहुमत के लिए आवश्यक 122 के आंकड़े को आसानी से पार कर लिया है, जबकि महागठबंधन लगातार पिछड़ रहा है।

रुझानों में कौन कहां?

भाजपा: 88 सीटों पर आगे

जदयू: 79 सीटों पर बढ़त

LJP (रामविलास): 21 सीटों पर आगे

राजद: 32 सीटों पर आगे

कांग्रेस: 4 सीटों पर आगे

रुझानों के मुताबिक भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है, जबकि कांग्रेस और आरजेडी का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर दिख रहा है।

अमित मालवीय का राहुल गांधी पर हमला

मतगणना के दौरान भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा: “राहुल गांधी! एक और चुनाव, एक और हार! यदि चुनावी निरंतरता के लिए कोई पुरस्कार होता, तो वह इसी दर पर सभी को पीछे छोड़ देते। असफलताएं भी सोच रही होंगी कि वह उन्हें इतनी विश्वसनीयता से कैसे हासिल कर लेते हैं।”

मालवीय ने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पिछले दो दशकों में 95 चुनाव हार चुकी है। उन्होंने इसे “एक सदी से सिर्फ पांच कम” बताते हुए तंज किया कि संस्थानों पर कांग्रेस के हमले “ध्यान भटकाने की रणनीति” भर हैं। भाजपा नेता ने अपने पोस्ट में राज्यवार चुनावी हारों का एक ग्राफिक भी साझा किया, जिसमें राहुल गांधी के राजनीतिक डेब्यू के बाद कांग्रेस की प्रमुख चुनावी पराजयों का उल्लेख किया गया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH