अयोध्या से मध्य प्रदेश के रीवा जिले जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दुर्घटना का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, रामलला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु बोलेरो में सवार थे। कल्याण भदरसा गांव के पास बोलेरो की तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए।
घटना थाना पूराकलंदर क्षेत्र में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इससे पहले भी 6 दिसंबर को यूपी के सुलतानपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ था। कूरेभार थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर तड़के 4 बजे एक ट्रक ने रामलला के दर्शन कर लौट रही तीर्थयात्रियों की बस को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई और कई यात्री घायल हुए थे। बस में लगभग 40 श्रद्धालु सवार थे, जो महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी थे और अयोध्या से प्रयागराज जा रहे थे। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




