Regional

मध्य प्रदेश सीएम आवास में ‘गौदान’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च, 6 फ़रवरी से सिनेमा हॉल में होगी रिलीज

भोपाल। आज मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री निवास पर दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, फरह मथुरा के तत्वावधान में कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शन द्वारा निर्मित फ़िल्म ‘गौदान’ का ट्रेलर माननीय मुख्यमंत्री श्री डॉ. मोहन सिंह यादव जी के द्वारा रिलीज़ किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान फ़िल्म के निर्देशक श्री विनोद चौधरी जी ने फ़िल्म के निर्माण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही माननीय श्री अजीत प्रसाद महापात्र जी (राष्ट्रीय संयोजक, गौ सेवा गतिविधि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने गौ माता की महिमा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार गाय हमारी भारतीय संस्कृति में आध्यात्मिक, पौराणिक एवं वैज्ञानिक महत्त्व रखती है।

उन्होंने कहा कि गाय अपने जीवनकाल में दूध, घी और पंचगव्य देती है, वहीं मरणोपरांत गाय की समाधि खाद से कई सौ एकड़ भूमि को उर्वरा बनाकर लगभग तीस लाख रुपए तक की आय प्राप्त की जा सकती है। माननीय अजीत जी ने यह भी बताया कि सतयुग में समुद्र मंथन से प्राप्त सभी रत्न या तो देवों को मिले या दानवों को, लेकिन एकमात्र गौ माता ने मानवता के कल्याण के लिए पृथ्वी पर रहना स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि गौ माता आज भी अपना कर्तव्य निभा रही है, जबकि मानव अपना धर्म और कर्तव्य भूल गया है।
उन्होंने बताया कि फ़िल्म ‘गौदान’ में गाय की इसी महिमा को दर्शाया गया है।

वहीं माननीय मुख्यमंत्री जी ने ट्रेलर के साथ फ़िल्म ‘गौदान’ के गाने का वीडियो साझा करते हुए प्रदेश की जनता से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, परिवार सहित 6 फ़रवरी से सिनेमा हॉल में फ़िल्म देखने का आवाहन किया। मुख्यमंत्री जी ने फ़िल्म में भव्यता और दिव्यता के साथ गौ माता की महत्ता को दर्शाने पर फ़िल्म निर्माता टीम को सम्मानित किया तथा फ़िल्म को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री करने पर विचार करने की बात कही।

कार्यक्रम का संचालन संतों के कृपापात्र एवं गौशाला समिति के मीडिया प्रभारी श्री शांतनु शुक्ला जी द्वारा किया गया। संचालन के दौरान उन्होंने कहा कि गौ माता ही भारत माता हैं। अंत में उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. इन्द्रेश प्रताप सिंह जी (शिवांश फाउंडेशन, आगरा), डॉ. मधुसूदन जी, वेदपाल जी, गौसेवा गतिविधि मध्यप्रदेश की पूरी टीम तथा मुख्यमंत्री आवास की पूरी टीम उपस्थित रही।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH