NationalTop News

गुवाहाटी रैली में बोले पीएम मोदी, नॉर्थ-ईस्ट हमारे लिए अष्टलक्ष्मी, बजट से मिलेगा और बल

गुवाहाटी, असम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में देश का बजट पेश हुआ है और बजट के बाद उनका यह असम तथा नॉर्थ-ईस्ट का पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि जिस नॉर्थ-ईस्ट को कांग्रेस ने लंबे समय तक नजरअंदाज किया, भाजपा-एनडीए सरकार उसी क्षेत्र की श्रद्धाभाव से सेवा कर रही है। प्रधानमंत्री ने नॉर्थ-ईस्ट को अष्टलक्ष्मी बताते हुए कहा कि इस वर्ष का बजट अष्टलक्ष्मी के लिए भाजपा-एनडीए के विजन को और मजबूती देने वाला है।

प्रधानमंत्री ने मां कामाख्या का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी कृपा असम, असमवासियों और पूरे देश पर बनी रही है। उन्होंने कहा कि असम ने राष्ट्र रक्षा, स्वतंत्रता और देश की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए अनेक वीर संतानों को जन्म दिया है। इसी क्रम में उन्होंने कबीन्द्र पुरकायस्थ को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन असम और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। भाजपा-एनडीए सरकार को उनके योगदान के सम्मान में उन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने का सौभाग्य मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद नॉर्थ-ईस्ट के 125 से अधिक महान व्यक्तित्वों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि असम और नॉर्थ-ईस्ट की धरती में अपार सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि यही सामर्थ्य विकसित भारत की मजबूत नींव बन रहा है।

प्रधानमंत्री ने रैली में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी आम सभाओं को संबोधित करने का अवसर उन्हें अक्सर मिलता है, लेकिन असम के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के दर्शन करना उनके लिए विशेष सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जहां पहुंची है, उसका पूरा श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने संगठन की शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा का विश्वास संगठन में है और राष्ट्र जीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति ही है। जमीनी स्तर से जुड़े कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को उन्होंने पार्टी की असली ताकत बताया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH