NationalTop News

मां-बहन और भाई छत पर बना रहे थे बम, अचानक हुआ जोरदार धमाका; 2 की मौत के बाद NIA ने संभाली जांच, VIDEO देख दहल जाएगा दिल

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बाहरी इलाके सुंदरपदा में 27 जनवरी की शाम हुए जोरदार विस्फोट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में धमाके की तीव्रता साफ दिखाई दे रही है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में तेज झटका महसूस किया गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

छत पर बनाया जा रहा था विस्फोटक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस मकान में धमाका हुआ, उसकी छत पर कथित रूप से विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी। इसी दौरान अचानक धमाका हो गया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

मुख्य आरोपी और उसकी मां की मौत

घटना के बाद मौके पर पहुंचे डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया था कि इस मामले में घायल मुख्य आरोपी शाहनवाज मलिक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि किसी आपराधिक वारदात के लिए विस्फोटक तैयार किए जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। धमाके में शाहनवाज मलिक, उसकी मां, बहन और उसका एक साथी अमित रंजन मलिक घायल हुए थे। सभी को पहले कैपिटल अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शाहनवाज उर्फ मफ्फी की 4 फरवरी को मौत हो गई, जबकि उसकी मां ने 10 फरवरी को दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, शाहनवाज के खिलाफ हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने सहित करीब सात आपराधिक मामले दर्ज थे।

एनआईए ने संभाली जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भी जांच शुरू कर दी है। एनआईए की टीम ने घटनास्थल से मिट्टी और मलबे के नमूने एकत्र किए हैं, ताकि फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाया जा सके कि किस प्रकार के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था।

बड़े नेटवर्क की आशंका

घटना में घायल बचे दो लोगों के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि अवैध रूप से विस्फोटक बनाने में और कौन लोग शामिल थे तथा इसके पीछे क्या मकसद था। प्रारंभिक जांच से संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला सिर्फ एक सामान्य आपराधिक घटना नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क या साजिश की संभावना भी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH