सोने और चांदी की कीमतों में इस साल जनवरी के बाद से लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। जनवरी में सोना और चांदी अपने ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गए थे, लेकिन इसके बाद लगातार गिरावट देखने को मिली। अब हालात थोड़ा स्थिर हुए हैं, लेकिन मंगलवार को भी कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा।
MCX पर 29 जनवरी को चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था, जबकि सोना भी 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर था। इसके बाद से चांदी में 1,80,157 रुपये और सोने में 38,336 रुपये की गिरावट आ चुकी है। मंगलवार को चांदी 4,685 रुपये की गिरावट के साथ 2,35,206 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि सोना 1,210 रुपये गिरकर 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
सर्राफा बाजार में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दिल्ली के बाजार में 29 जनवरी को चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर था। सोमवार, 16 फरवरी को चांदी 5,000 रुपये गिरकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई, जबकि सोना 700 रुपये की तेजी के साथ 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कीमतों में उतार-चढ़ाव और मांग-सप्लाई के कारण सोना और चांदी की कीमतों में स्थिरता आने में समय लगेगा।




