InternationalTop News

ब्रिटेन के पूर्व ड्यूक ऑफ यॉर्क प्रिंस एंड्रयू गिरफ्तार, सरकारी पद पर दुराचार के शक में कार्रवाई

लंदन। ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य और पूर्व ड्यूक ऑफ यॉर्क प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को गुरुवार को सरकारी पद पर कथित दुराचार के शक में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। खास बात यह है कि उनकी गिरफ्तारी उनके 66वें जन्मदिन के दिन हुई। थेम्स वैली पुलिस ने जारी बयान में कहा, “जांच के तहत आज नॉरफॉक से 60 वर्षीय एक व्यक्ति को सरकारी पद पर गलत आचरण के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। बर्कशायर और नॉरफॉक स्थित कुछ पतों पर तलाशी ली जा रही है। संबंधित व्यक्ति फिलहाल पुलिस हिरासत में है।पुलिस ने आगे कहा कि राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। साथ ही, मामला अभी सक्रिय जांच के दायरे में है, इसलिए किसी भी प्रकाशन को अवमानना से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इस मामले पर असिस्टेंट चीफ कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा, “विस्तृत समीक्षा के बाद हमने सरकारी पद पर कथित दुराचार के आरोप की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। हम अपने सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं। उचित समय पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।”

गौरतलब है कि थेम्स वैली पुलिस उन आरोपों की जांच कर रही है, जिनमें दावा किया गया है कि वर्ष 2010 में अमेरिकी कारोबारी जेफ्री एपस्टीन ने एक महिला को कथित रूप से पूर्व ड्यूक ऑफ यॉर्क से मिलने के लिए ब्रिटेन भेजा था। बताया जा रहा है कि संबंधित महिला ब्रिटिश नागरिक नहीं थी और उस समय उसकी उम्र करीब 20 वर्ष थी। उसके वकील का आरोप है कि उसे चाय पर आमंत्रित किया गया और बकिंघम पैलेस का दौरा भी कराया गया।हालांकि, प्रिंस एंड्रयू ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़े किसी भी प्रकार के दुराचार और अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से लगातार इनकार किया है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े और खुलासे हो सकते हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH