Top NewsUttar Pradesh

लखनऊ-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, संघ प्रमुख मोहन भागवत थे सवार; C4 कोच का शीशा टूटा, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ से दिल्ली आ रही वंदे भारत ट्रेन पर शुक्रवार को पथराव की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार हरदोई के पास कुछ उपद्रवियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे C4 कोच का शीशा टूट गया। इस ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत सवार थे। घटना के बाद हरदोई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि मोहन भागवत को जेड-प्लस श्रेणी की एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ASL) सुरक्षा प्राप्त है। इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों में वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

मोहन भागवत इन दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रवास पर हैं। वह मेरठ के माधवपुरम स्थित संघ कार्यालय माधव कुंज में मेरठ और ब्रज प्रांत के 28 जिलों के खिलाड़ियों, कोच और प्रशिक्षकों के साथ संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा।कार्यक्रम के दौरान संघ प्रमुख खिलाड़ियों से सीधा संवाद करेंगे और उनके सवालों के जवाब देंगे। बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों के साथ इस तरह का यह पहला सीधा संवाद होगा। इस कार्यक्रम में क्रिकेटर प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार, सुरेश रैना और अलका तोमर को भी आमंत्रित किया गया है।

इसके अलावा 21 फरवरी को संघ प्रमुख मेरठ और ब्रज प्रांत के 28 जिलों के प्रबुद्धजनों से भी संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में बुद्धिजीवी, वकील, डॉक्टर, व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियर और एनजीओ प्रतिनिधि शामिल होंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH