NationalTop News

आरती के लाउडस्पीकर को लेकर विवाद, जबलपुर के सिहोरा में भड़की सांप्रदायिक झड़प,15 से अधिक हिरासत में

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में गुरुवार रात आरती के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद सांप्रदायिक झड़प में बदल गया। आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास दो समुदायों के बीच पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान लाउडस्पीकर की तेज आवाज पर आपत्ति जताई गई। विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों ने मंदिर की ग्रिल तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और पथराव शुरू हो गया। कुछ उपद्रवी लाठी-डंडे और पत्थर लेकर सड़क पर उतर आए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

घटना सिहोरा के वार्ड नंबर 5, आजाद चौक की है। दुर्गा मंदिर के सामने ही मदीना मस्जिद (अहले सुन्नत) स्थित है। आमने-सामने धार्मिक स्थल होने के कारण यह इलाका पहले से संवेदनशील माना जाता है। स्थानीय स्तर पर तनाव की स्थिति पहले से बनी हुई थी, जो इस घटना के बाद और बढ़ गई।

जबलपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि दो युवकों के बीच हुए विवाद के बाद ईंट-पत्थर चले। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पा लिया। 15 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर रेंज के आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH