शिमला के लोअर कैथू इलाके में स्थित एक होटल के कमरे में 86 वर्षीय ब्रिटिश पर्यटक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग पर्यटक शुक्रवार देर रात अपने कमरे में अचेत अवस्था में पाए गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होटल मालिक सूर्यवंशी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे विदेशी मेहमान दरवाजा नहीं खोल रहे हैं और किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान बैरी एल्विन मॉस (86) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। होटल कर्मचारियों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अतिरिक्त चाबी से दरवाजा खोला गया तो वह फर्श पर बेसुध पड़े मिले।
पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और कमरा नंबर 103 को सील कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संबंधित दूतावास को भी सूचना दे दी गई है।




