उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने हालिया सिंगापुर और जापान दौरे के दौरान एक भावुक पल के कारण चर्चा में रहे। 23 फरवरी को सिंगापुर में आयोजित कम्युनिटी इंटरेक्शन कार्यक्रम में एक छोटी बच्ची की खुशी उस समय दोगुनी हो गई, जब मुख्यमंत्री ने उसे मंच पर बुलाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की नजर बच्ची के हाथ में पकड़े उनके स्केच पर पड़ी। जैसे ही उन्होंने अपना चित्र देखा, उन्होंने तुरंत बच्ची को स्टेज पर आमंत्रित किया। मंच पर दोनों ने साथ में तस्वीर खिंचवाई और मुख्यमंत्री ने बच्ची को ऑटोग्राफ देकर उसका उत्साह बढ़ाया।
बच्ची ने बताया कि वह सिंगापुर में पढ़ाई करती है और मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा लेकर ही कार्यक्रम में पहुंची थी। उसे एक रात पहले ही पता चला था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सिंगापुर आने वाले हैं। उनसे मिलने की चाह में उसने उनका स्केच बनाया और कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गई। मुख्यमंत्री से मुलाकात और ऑटोग्राफ मिलने के बाद उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
23 और 24 फरवरी को सिंगापुर दौरे पर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां कई अहम बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम, प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन और टेमासेक के चेयरमैन टीओ ची हान से मुलाकात की। इन बैठकों में निवेश, कौशल विकास और सहयोग के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आईटीई कॉलेज सेंट्रल का भी दौरा किया, जहां तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया देखी। इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती देना है। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने 23 फरवरी को एक फेसबुक पोस्ट में उत्तर प्रदेश को भारत की तीसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था बताया और इसे देश के सबसे तेज़ी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक बताया।




