गोरखपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की गोरखपुर में निकाली गई PDA रथयात्रा के दौरान 14 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सपा को गुंडागर्दी, अराजकता और दंगों की राजनीति करने वाली पार्टी करार दिया. साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
अखिलेश के रोड शो में कैसे हुआ हादसा?
दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में PDA यात्रा के नाम से रोड शो निकाला था. इस दौरान यात्रा में शामिल एक जेसीबी मशीन की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक स्थानीय भाजपा नेता का बेटा था. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अखिलेश यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई. घटना के बाद से ही प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.
‘सपा गुंडागर्दी और अराजकता की पर्याय’
गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का रोड शो एक मासूम बच्चे की मौत की वजह बना. सीएम ने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति में गुंडागर्दी और अराजकता का बोलबाला रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी दंगों, कर्फ्यू और गुंडागर्दी की राजनीति का प्रतीक रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया तत्वों को संरक्षण देने वाली ऐसी राजनीति से प्रदेश की जनता को हमेशा नुकसान उठाना पड़ा है.
मासूम की मौत पर जताया दुख, दोषियों को सजा दिलाने की बात
सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि आखिर उस मासूम की क्या गलती थी, जिसे इस तरह अपनी जान गंवानी पड़ी. मुख्यमंत्री ने बताया कि वह शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि रोड शो के दौरान सड़क पर अव्यवस्था फैलाने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए. सीएम ने कहा कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाए.
‘यूपी की सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनीं’
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों का निर्माण आम लोगों की सुविधा और निर्बाध आवागमन के लिए किया गया है, न कि राजनीतिक कार्यक्रमों के नाम पर अराजकता फैलाने के लिए. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को सड़कों पर गुंडागर्दी करने की छूट नहीं दी जा सकती. सीएम ने चेतावनी दी कि अगर किसी ने दोबारा माफियागीरी दिखाने की कोशिश की तो सरकार उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी. गोरखपुर में हुई इस घटना के बाद भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है. अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है.




