मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच विदेशों में फंसे पंजाब के लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं। सरकार ने पूरी प्रक्रिया के समन्वय और निगरानी के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तुरंत प्रभाव से 24×7 हेल्पलाइन भी शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.के. जैसवाल को हेल्पलाइन का ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है, जबकि गृह विभाग के सचिव विमल सेतिया को समन्वय और निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार ने नोडल अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे लगातार विदेश मंत्रालय के संपर्क में रहें, ताकि मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मिलती रहे। हेल्पलाइन पर आने वाली सभी कॉल का रिकॉर्ड रखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर मामलों को तुरंत विदेश मंत्रालय या संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह पहल मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे पंजाब के लोगों से जुड़ी आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार खाड़ी देशों और अन्य क्षेत्रों में फंसे पंजाबियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सुरक्षित वापसी तथा मदद के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।




