बिहार के मधेपुरा जिले स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुबह करीब 6:25 से 7 बजे के बीच मंदिर में प्रवेश के दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, घायलों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल किसी की गंभीर स्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है।
भीड़ के दबाव में टूटी बैरिकेडिंग
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के दबाव में मंदिर परिसर में लगाई गई बैरिकेडिंग टूट गई। इसके बाद कई लोग गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। बताया गया कि भीड़ के दबाव में पुलिसकर्मी की वर्दी तक फट गई।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए भीड़ की निगरानी की जा रही है। हालांकि, घटना के बाद मंदिर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने की बात कही है और मंदिर में पूजा-अर्चना सामान्य रूप से जारी है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे जल्दबाजी न करें, कतार में रहें और सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।




