Top NewsUttar Pradesh

गाजियाबाद में मंदिर से लौट रहे परिवार पर हमला, 9 लोग घायल, पुलिस ने 10 आरोपियों को हिरासत में लिया

गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक परिवार पर हमला होने की घटना सामने आई है। परिवार देवी मंदिर से अनुष्ठान कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में विवाद के बाद मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें एक गर्भवती महिला समेत नौ लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, कैला भट्टा इलाके के रहने वाले लोग मंदिर में पारंपरिक ‘जात’ अनुष्ठान कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के साथ कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। घटना में महिलाओं के साथ अभद्रता की भी शिकायत सामने आई है।

पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला रास्ते में चलने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा पाया गया है। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में कोतवाली सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इलाके में फिलहाल शांति बनी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH