रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास रविवार सुबह तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच में अचानक आग लग गई। हादसा कोटा रेल मंडल के लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन के बी-1 कोच में आग लगी थी, जिसमें 68 यात्री सवार थे। आग कुछ ही सेकेंड में पूरे कोच में फैल गई। सबसे पहले गार्ड ने धुआं और आग की सूचना लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे स्टाफ ने करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया।
घटना के बाद ओएचई सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने का काम तेजी से शुरू किया गया और कुछ ही देर में आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया। पश्चिम रेलवे के कोटा मंडल ने बताया कि इस हादसे में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को चोट नहीं आई है। रेलवे अब आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि आग ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित एसएलआर और बी-1 कोच के पास लगी थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया और अतिरिक्त कोच की व्यवस्था के लिए कोटा से सहायता भेजी गई। ट्रेन के बाकी हिस्से को 30 से 45 मिनट में रवाना करने की तैयारी की गई। हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। रेलवे के मुताबिक 5 से 6 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
इन ट्रेनों को रास्ते में रोका गया
19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस – शामगढ़
12416 नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस – सुवासरा
05017 स्पेशल ट्रेन – नाथूखेड़ी
12472 स्वराज एक्सप्रेस – शामगढ़
22210 हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस – चौमहला
01492 हजरत निजामुद्दीन-पुणे स्पेशल ट्रेन – मोड़क स्टेशन
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन संचालन से जुड़ी जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 या आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें।




