उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार के सीवान जा रही एक बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर नंबर 262 पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री दिल्ली से बिहार लौट रहे थे। मृतकों में एक सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र और एक कैदी छत्रपाल भी शामिल हैं। दोनों सीवान से दिल्ली आए थे और वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
औरास थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल दुर्घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस बस चालक की लापरवाही और तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है, वहीं घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचने लगे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




