NationalTop News

पीएम मोदी के 12 साल पूरे, सीएम योगी बोले- ‘विश्व मंच पर भारत बना सशक्त नेतृत्व’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई को लगातार 12 साल तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर लिया। साल 2014 में इसी दिन नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इस अवसर पर भाजपा, एनडीए और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों को लेकर विशेष संदेश साझा किया।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता बना, जबकि अंत्योदय आत्मनिर्भरता की ताकत में बदल गया। जनभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का रूप दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि ने ऐसे ‘नए भारत’ का निर्माण किया है, जहां नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वासपूर्ण नेतृत्व के कारण एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने विकास को सीधे आम लोगों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना आज देश की प्रगति का आधार बन चुकी है। अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘नेशन फर्स्ट’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं और बधाई दी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH