RegionalTop News

गुरिंदरवीर सिंह ने रचा इतिहास, 100 मीटर दौड़ में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, सीएम मान ने दी शुभकामनाएं

भगवंत मान ने 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले युवा धावक गुरिंदरवीर सिंह को विशेष बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि को पंजाब और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर दौड़ मात्र 10.09 सेकेंड में पूरी कर नया इतिहास रच दिया। वह 10.10 सेकेंड से कम समय में यह दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पंजाबी भाषा में संदेश जारी करते हुए कहा कि पंजाब के इस युवा खिलाड़ी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि गुरिंदरवीर सिंह ने साबित कर दिया है कि पंजाब के युवा खेल जगत में भी देश का नेतृत्व करने की क्षमता रखते हैं। भगवंत मान ने कहा कि गुरिंदरवीर लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम चमका रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और वैश्विक मंचों पर भारत का परचम लहराएगा।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी किया क्वालीफाई

जालंधर निवासी गुरिंदरवीर सिंह की यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने 2026 राष्ट्रमंडल खेल के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग मार्क भी हासिल कर लिया है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने 100 मीटर दौड़ के लिए 10.16 सेकेंड का मानक तय किया था, जबकि गुरिंदरवीर ने 10.09 सेकेंड का समय निकालकर इसे आसानी से पार कर लिया। खेल विशेषज्ञों के अनुसार, इस सत्र में गुरिंदरवीर का प्रदर्शन एशिया का दूसरा सबसे तेज समय माना जा रहा है। उनका यह रिकॉर्ड भारतीय एथलेटिक्स के लिए नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH