Top NewsUttar Pradesh

बदायूं कांड को लेकर यूपी में पोस्टर वॉर, सपा के खिलाफ कई शहरों में लगे होर्डिंग

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक पोस्टर वॉर शुरू हो गई है। इस बार 2014 के चर्चित बदायूं डबल रेप और हत्या कांड को लेकर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया गया है। राज्य के कई शहरों में सपा विरोधी पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। जानकारी के मुताबिक बदायूं, नोएडा, गाजियाबाद, हरदोई, कानपुर, शाहजहांपुर, कन्नौज, उन्नाव और कानपुर देहात समेत कई जिलों में ये पोस्टर लगाए गए हैं। होर्डिंग्स में 12 साल पुराने बदायूं कांड का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाए गए हैं।

गौरतलब है कि साल 2014 में बदायूं में दो युवतियों के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया था। उस समय उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार थी। घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश देखने को मिला था। कन्नौज समेत कई स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों में समाजवादी पार्टी को महिला विरोधी बताया गया है। कुछ होर्डिंग्स में अखिलेश यादव के साथ आजम खान की तस्वीर भी लगाई गई है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पोस्टर किसने लगवाए हैं।

इस घटनाक्रम के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई जगहों पर सपा समर्थकों ने ऐसे पोस्टर और होर्डिंग हटाए भी हैं। पार्टी कार्यकर्ता अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेशभर में इस तरह के पोस्टर लगने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और इसे लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज होने लगी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH