मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अजयगढ़ तहसील के बीहरपुरवा ग्राम पंचायत अंतर्गत नयापुरवा गांव में निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में सभी मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर गिर गई। उस समय पांच मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे, जबकि दो अन्य मजदूर पानी पीने के लिए बाहर आए हुए थे, जिससे उनकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि मृतक मजदूर एक ही यादव परिवार के सदस्य थे और लंबे समय से कुएं खोदने का काम करते थे। मिट्टी धंसने के बाद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव और आशीष यादव समेत पांच मजदूर शामिल हैं। पन्ना जिला जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी पांचों मजदूरों की मौत हो गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




