RegionalTop News

‘लव जिहाद के बाद अब फ्रेंड जिहाद’, धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, सूर्या हत्याकांड का किया जिक्र

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुओं को एकजुट और सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि देश में अब “फ्रेंड जिहाद” जैसी नई प्रवृत्ति देखने को मिल रही है। उन्होंने गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड का जिक्र करते हुए यह बयान दिया। धीरेंद्र शास्त्री गुजरात के राजकोट में आयोजित तीन दिवसीय हनुमंत कथा और दिव्य दरबार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कई सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

‘देश में नए तरह के जिहाद की शुरुआत’

उन्होंने कहा कि देश में पहले “लव जिहाद”, “लैंड जिहाद” और अन्य मामलों की चर्चा होती रही है, लेकिन अब “फ्रेंड जिहाद” जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि गाजियाबाद में हुई सूर्या नामक युवक की हत्या इसी प्रकार की घटना का उदाहरण है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि समाज को सतर्क रहने की जरूरत है और सनातन संस्कृति को मजबूत करने के लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

दक्षिण गुजरात में धर्मांतरण का भी उठाया मुद्दा

उन्होंने दक्षिण गुजरात में धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों को लेकर भी चिंता जताई। शास्त्री ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर देशभर में अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में दक्षिण गुजरात में “घर वापसी” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

क्या है सूर्या हत्याकांड?

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की बकरीद के दिन हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी असद और उसके साथियों पर युवक को चाकू मारने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई थी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH