Top NewsUttar Pradesh

मेरठ की युवती का गंभीर आरोप: शादी का झांसा देकर 10 साल तक बनाया संबंध, ठगी और धर्म परिवर्तन के दबाव का केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र की एक युवती ने वासिल नामक युवक और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर करीब 10 वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए, लाखों रुपये लिए और बाद में दूसरी महिला से शादी कर ली।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2015 में वह मॉडलिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए दिल्ली में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी वासिल से हुई, जो मॉडलिंग से जुड़े कार्यों में सक्रिय था। दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे संबंध गहरे हो गए।

युवती का आरोप है कि वासिल ने उसे अभिनेत्री बनाने का सपना दिखाकर मुंबई ले गया, जहां वर्ष 2016 से दोनों साथ रहने लगे। इस दौरान आरोपी ने शादी का वादा करते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि मॉडलिंग के जरिए होने वाली उसकी आय का बड़ा हिस्सा वासिल और उसके परिवार पर खर्च होता रहा।

शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2017 में गर्भवती होने पर उसने शादी की बात कही, लेकिन आरोपी और उसके परिवार ने कथित रूप से शादी टालते हुए गर्भपात करा दिया। युवती का आरोप है कि उसके तीन बार गर्भपात कराए गए। साथ ही 10 वर्षों के दौरान उससे लगभग 50 से 60 लाख रुपये भी लिए गए।

पीड़िता ने बताया कि मई 2026 में वह वासिल के घर पहुंची, जहां उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले ही मेहविश नाम की महिला से निकाह कर चुका है। इस बात का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवती ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया गया। उसका कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने के बाद आरोपी की शादी किसी अन्य महिला से करा दी गई। उसने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, युवती की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसमें शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और आर्थिक शोषण के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH