City NewsTop NewsUttar Pradeshलखनऊ

लखनऊ अग्निकांड: अलीगंज के एनिमेशन सेंटर में भीषण आग, 15 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। बहुमंजिला इमारत में स्थित एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें करीब 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने घंटों मशक्कत के बाद इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कई घायल छात्रों और कर्मचारियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, आग जिस इमारत में लगी, उसमें लाइब्रेरी, कंप्यूटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, एनिमेशन सेंटर और पेट शॉप भी संचालित हो रहे थे। आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई। दमकल की टीम पहुंचने से पहले ही इलाके में धुएं के बड़े गुबार दिखाई देने लगे थे। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से प्रधानमंत्री बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए डीजीपी को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि इमारत में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH