उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे यूपी के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इस दर्दनाक मंजर को देखकर भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने बताया कि अब तक 14 बच्चों को बाहर निकाला गया है और सभी को अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और बड़ी घटना है। इमारत के अंदर भारी मात्रा में धुआं भरा हुआ है, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि बचाव दल इमारत के हर हिस्से की गहन तलाशी ले रहा है। उन्होंने कहा, “अंदर बड़ी मात्रा में लकड़ी का फर्नीचर था, जिससे निकले धुएं के कारण कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी लगातार अंदर काम कर रहे हैं और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।” उन्होंने बताया कि यह एक एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर था, जहां बच्चे कार्टून और एनिमेशन बनाना सीखने आते थे। मृतक और घायल छात्रों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और डीजीपी को मौके पर बुलाकर घटना के कारणों की जांच तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की भयावहता का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं।” उनके इस बयान ने हादसे की गंभीरता और दर्द को साफ तौर पर सामने ला दिया।




