पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मंगलवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत टेक्स 2026 में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ पंजाब सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य से जुड़े कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान भारत टेक्स 2026 में पंजाब स्टेट पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह “Reimagining Punjab’s Textile Future: From Traditional Strengths to Technical Leadership” विषय पर आयोजित पंजाब नॉलेज सेशन को भी संबोधित करेंगे।
निवेशकों के सामने रखेंगे पंजाब का विजन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मान निवेशकों और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को पंजाब में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और औद्योगिक अवसरों की जानकारी देंगे। वह राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति और टेक्सटाइल क्षेत्र के विकास से जुड़े विजन को भी साझा करेंगे।
टेक्सटाइल सेक्टर पर रहेगा फोकस
पंजाब सरकार इस मंच के जरिए राज्य में टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और निर्यात को बढ़ावा देने की अपनी रणनीति प्रस्तुत करेगी। सरकार का लक्ष्य पंजाब को पारंपरिक टेक्सटाइल उत्पादन के साथ-साथ तकनीकी और आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग का भी प्रमुख केंद्र बनाना है।




