मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में एक दरोगा और चार सिपाही घायल हो गए।
तड़के 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 3 बजे वाराणसी से सोनभद्र जा रहा ट्रक अचानक टायर फटने के कारण नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। मलबे में दबने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे में दबे घायलों को निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चचेरी मोड़, चुनार भेजा गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सड़क जाम के बाद भड़का विवाद
सुबह करीब 8 बजे मृतकों के परिजन और ग्रामीण वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी द्वारा ग्रामीण के साथ कथित दुर्व्यवहार के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चादतारा की मौत हो गई। वहीं, 12 वर्षीय सुहानी (निवासी मुजेहरा देहात) और 45 वर्षीय सुनील शर्मा (निवासी कुदारन) गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ट्रक का टायर फटना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




