मुंबई: रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ के 27वें एपिसोड में कंटेंट क्रिएटर और अभिनेत्री श्रेया कालरा ने अपने जीवन से जुड़ा एक बेहद निजी और दर्दनाक अनुभव साझा किया। एक टास्क के दौरान उनका सीक्रेट सामने आने के बाद उन्होंने पहली बार बताया कि बचपन में उनके एक रिश्तेदार ने उनके साथ यौन शोषण किया था। श्रेया के खुलासे के बाद शो का माहौल भावुक हो गया और कई कंटेस्टेंट उन्हें सांत्वना देते नजर आए।
टास्क के दौरान सामने आया राज
एपिसोड में एक टास्क के दौरान आकांक्षा चौधरी ने श्रेया का सीक्रेट सामने लाने का फैसला किया। इसके बाद श्रेया को खुद आगे आकर ‘कजिन’ कीवर्ड के साथ अपना राज बताना पड़ा। अपनी बात शुरू करने से पहले श्रेया ने कहा कि वह यह राज फिनाले तक पहुंचने के लिए नहीं छिपा रही थीं, बल्कि इसलिए क्योंकि उन्हें डर था कि इसके सामने आने से उनके परिवार पर गहरा असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने आकांक्षा से भी अनुरोध किया था कि इस राज को सार्वजनिक न किया जाए।
बचपन के दर्दनाक अनुभव का किया जिक्र
भावुक होते हुए श्रेया ने बताया कि जब वह 13 साल की थीं, तब उनके एक कजिन ने उनके साथ यौन शोषण किया था। उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी आज तक उनके परिवार को नहीं है और केवल उनके करीबी दोस्त ऋषभ जयसवाल ही इसके बारे में जानते थे।श्रेया ने बताया कि यह घटना उनकी नानी के घर पर हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने अनुभव को सहानुभूति पाने के लिए साझा नहीं कर रही हैं और न ही खुद को पीड़ित के रूप में पेश करना चाहती हैं।
परिवार को लेकर जताई चिंता
श्रेया ने कहा कि उन्हें सबसे अधिक चिंता अपनी मां और परिवार की है। उनके मुताबिक, जिस रिश्तेदार पर उन्होंने आरोप लगाया, उसकी मां का निधन हो चुका था और उनकी मां ने लंबे समय तक उसकी देखभाल की थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके भाई की शादी जल्द होने वाली है। श्रेया के अनुसार, पहले भी उनके करियर और विवादों के कारण परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, इसलिए वह नहीं चाहती थीं कि इस खुलासे का असर परिवार की खुशियों पर पड़े।
कंटेस्टेंट्स ने बढ़ाया हौसला
श्रेया के खुलासे के बाद शो में मौजूद अन्य प्रतिभागियों ने उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें खुद को दोषी न मानने की सलाह दी। इस भावुक पल के दौरान कई कंटेस्टेंट उनके समर्थन में खड़े नजर आए। शो में श्रेया और अपूर्वा मखीजा के बीच मतभेद रहे हैं, लेकिन शो से बाहर होने से पहले अपूर्वा ने भी श्रेया के खेल और व्यक्तित्व की सराहना की थी।




