ग्लासगो: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार (28 जुलाई) को भारत की झोली में दो और सिल्वर मेडल आए। वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने अपने-अपने मुकाबलों में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। वहीं, भारतीय बॉक्सरों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम तीन और पदक पक्के कर दिए हैं।
हरजिंदर कौर ने जीता सिल्वर
29 वर्षीय भारतीय वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने महिलाओं की 69 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। यह उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में 71 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था। हरजिंदर की इस सफलता के साथ ही वेटलिफ्टिंग में भारत के पदकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। सिल्वर जीतने के बाद हरजिंदर कौर ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। यह पदक मैं अपने परिवार को समर्पित करती हूं। भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ और भारत सरकार का आभार, जिन्होंने हमें यहां तक पहुंचने में हर संभव सहयोग दिया।”
गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास
पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में कॉमनवेल्थ गेम्स का पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। तेज बारिश और पानी से भरे ट्रैक जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद गुलवीर ने शानदार प्रदर्शन किया। पूरी दौड़ में उन्होंने शीर्ष धावकों के साथ तालमेल बनाए रखा और अंतिम लैप में जोरदार प्रयास करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।गुलवीर ने रेस 27 मिनट 49.78 सेकंड में पूरी की। वह स्वर्ण पदक जीतने वाले ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन (27:48.93) से महज 0.85 सेकंड पीछे रहे।
बॉक्सिंग में तीन पदक तय
भारतीय बॉक्सरों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कम से कम तीन पदक सुनिश्चित कर दिए हैं।
- प्रीति पवार (54 किग्रा) ने निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया।
- प्रिया घंघास (60 किग्रा) ने नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी।
- जादुमनी सिंह (55 किग्रा) ने मवेंगो मवाले को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग के दोनों सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को कम से कम कांस्य पदक मिलना तय होता है। ऐसे में भारत के लिए तीन पदक पहले ही पक्के हो चुके हैं। हालांकि, परवीन हुड्डा और कपिल पोखरिया अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
पदक तालिका में भारत
भारत अब तक 2 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 12 पदक जीत चुका है और पदक तालिका में 9वें स्थान पर बना हुआ है। इनमें से 7 पदक अकेले वेटलिफ्टिंग से आए हैं, जो इस खेल में भारत के दबदबे को दर्शाते हैं।




