RegionalTop News

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि की तैयारियां तेज, लुकैयाटांड में होगा मुख्य कार्यक्रम, 14 फीट प्रतिमा का होगा अनावरण

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को मनाई जाएगी। इस अवसर पर उनके पैतृक क्षेत्र नेमरा और लुकैयाटांड में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। मुख्य कार्यक्रम लुकैयाटांड स्थित उनके पिता सोबरन सोरेन के बलिदान स्थल पर आयोजित होगा, जिसकी तैयारियों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे हैं।

14 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण

पुण्यतिथि के अवसर पर लुकैयाटांड स्थित सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। यह प्रतिमा उनके पिता सोबरन सोरेन के बलिदान स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थापित की जा रही है। प्रतिमा के लिए बनाए जा रहे मंच और संरचना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निर्माण कार्य में दर्जनों मजदूर और मिस्त्री जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन ने दो जूनियर इंजीनियरों की निगरानी में 2 अगस्त तक सभी निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।

10 हजार लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था

मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम के लिए लुकैयाटांड में विशाल वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है।

CM समेत कई नेता होंगे शामिल

पुण्यतिथि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, पूर्व मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, प्रशासनिक अधिकारी और सोरेन परिवार के सदस्य शामिल होंगे। गुरुवार को रामगढ़ प्रशासन की ओर से गोला की बीडीओ सुधा वर्मा और डीटीओ ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

नेमरा में होगी श्रद्धांजलि सभा

मुख्य कार्यक्रम लुकैयाटांड में आयोजित किया जाएगा, जबकि शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री की चचेरी बहन और जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि नेमरा में ग्रामीणों की मौजूदगी में दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करने और सभी तैयारियां समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH