RegionalTop News

पंजाब कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह, भूपेश बघेल के खिलाफ लगे ‘गो बैक’ पोस्टर, सीएम मान ने साधा निशाना

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल के 10 दिवसीय दौरे के दौरान विरोध और नाराजगी सार्वजनिक हो गई। श्री मुक्तसर साहिब में उनके खिलाफ विवादित पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए, जिन पर ‘भूपेश बघेल गो बैक’ लिखा गया था। इन पोस्टरों को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गर्मा गई है।

‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ अभियान में दिखी गुटबाजी

विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत भूपेश बघेल 8 अगस्त तक पंजाब के दौरे पर हैं। इस दौरान वे ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत जिला स्तर पर संगठनात्मक बैठकें कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इन बैठकों में ही कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने कई कार्यक्रमों में पहुंचकर नारेबाजी की। पटियाला के समाना, संगरूर, बरनाला और बठिंडा में आयोजित बैठकों के दौरान बघेल के विरोध और चन्नी के समर्थन में नारे लगाए गए। इससे पार्टी की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पोस्टरों पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप

श्री मुक्तसर साहिब में लगे विवादित पोस्टरों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने इन पोस्टरों के पीछे आम आदमी पार्टी का हाथ होने का आरोप लगाया।

भगवंत मान का कांग्रेस पर पलटवार

बाजवा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी आंतरिक गुटबाजी संभालने में विफल रही है और हर मुद्दे का दोष आम आदमी पार्टी पर मढ़ रही है। मान ने कहा, “कुछ भी हो जाए, उसका आरोप सीधे भगवंत मान पर लगा दिया जाता है। भूपेश बघेल का दौरा अभी जारी है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन इस अंदरूनी कलह पर काबू पा पाता है या फिर यह विवाद पार्टी की चुनावी रणनीति पर और असर डालता है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH