NationalTop News

राहुल गांधी के प्रयागराज कार्यक्रम पर सस्पेंस, अनुमति रद्द होने के बाद भी कांग्रेस बोली- ‘हर हाल में होगा आयोजन’

प्रयागराज: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। केपी ट्रस्ट ने केपी कॉलेज के स्पोर्ट्स ग्राउंड के इस्तेमाल की दी गई अनुमति वापस ले ली है। हालांकि, कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि कार्यक्रम तय समय पर और हर हाल में आयोजित किया जाएगा।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गुरुवार को कहा कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है और इसी वजह से उनके कार्यक्रम में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संसद के अंदर और बाहर, दोनों जगह भाजपा राहुल गांधी का सामना करने से बचती है। इसलिए छात्रों के मुद्दों पर होने वाले कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही है।

प्रियंका गांधी का सवाल- ‘आखिर डर किस बात का?’

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पता नहीं वे किस बात से डरे हुए हैं।” उन्होंने बिना किसी का नाम लिए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

क्यों रद्द हुई अनुमति?

केपी ट्रस्ट ने प्रयागराज शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को भेजे पत्र में बताया कि केपी कॉलेज के स्पोर्ट्स ग्राउंड के उपयोग की पहले दी गई अनुमति वापस ली जा रही है। ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह के अनुसार, यह फैसला कॉलेज प्रशासन की रिपोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। पत्र में कहा गया है कि शैक्षणिक गतिविधियां किसी भी तरह प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

ट्रस्ट ने गिनाए ये कारण

प्रबंधन का कहना है कि प्रस्तावित कार्यक्रम से दो स्कूलों के विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। साथ ही लगातार बारिश के कारण स्पोर्ट्स ग्राउंड को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है, जिससे उसकी मरम्मत में समय लग सकता है। इसी आधार पर ट्रस्ट ने कांग्रेस से अनुरोध किया है कि कार्यक्रम को छुट्टियों के दौरान या बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद आयोजित किया जाए। साथ ही पहले जमा कराई गई राशि वापस लेने को भी कहा गया है।

कांग्रेस अड़ी, तैयारियां जारी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट किया है कि अनुमति रद्द होने के बावजूद राहुल गांधी का छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के भविष्य और उनके मुद्दों से जुड़ा है, इसलिए कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन और कांग्रेस के बीच सहमति बनती है या फिर कार्यक्रम को लेकर विवाद और गहराता है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH