NationalTop News

रांची छात्र आंदोलन में AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही, मौके पर लगे ‘जय श्री राम’ के नारे

झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के दौरान शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। आंदोलन में शामिल होने पहुंचीं AISA (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर प्रदर्शन के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्याही फेंक दी। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने नेहा बोरा का विरोध किया और उन पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था तुरंत कड़ी कर दी गई। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए गए। घटना के बाद नेहा बोरा ने कहा, “20 जुलाई को दिल्ली छात्र आंदोलन में हम पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए, पेलेट गन का इस्तेमाल हुआ। जब हम तब नहीं डरे, तो यह मामूली स्याही हमारा क्या बिगाड़ लेगी।”

बता दें कि JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन पिछले 14 दिनों से जारी है। कई छात्र अब भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों के समर्थन में AISA ने झारखंड विधानसभा तक मार्च निकाला और पहले से विधानसभा घेराव का ऐलान भी किया था। नेहा बोरा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में पीएचडी शोधार्थी, एक्टिविस्ट और थिएटर आर्टिस्ट हैं। वह लंबे समय से छात्रों के अधिकार, शिक्षा सुधार और उच्च शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही की मांग को लेकर सक्रिय रही हैं। हाल के वर्षों में विभिन्न छात्र आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH